Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: दुर्गा पूजा को लेकर थाना में शांति समिति की बैठक, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया थाना परिसर में मंगलवार को दुर्गा पूजा को लेकर इंस्पेक्टर एके सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में थाना क्षेत्र की 16 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और पूजा के दौरान होने वाली समस्याओं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे. पूजा समितियों ने दुर्गा पूजा से पूर्व प्रमुख सड़कों की मरम्मत कराने तथा अंडरब्रिज में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, फॉरेस्ट ऑफिस के समीप बैरियर लगाने और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का सुझाव दिया गया.

बैठक में कहा गया कि दुर्गा पूजा के दौरान अत्यधिक भीड़ में कई बार छोटे बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ जाते हैं. इसे देखते हुए बच्चों की जेब में नाम, पता और अभिभावक का मोबाइल नंबर लिखकर रखने की अपील की गई. वहीं, कमारीगोड़ा से नया बाजार फॉरेस्ट ऑफिस तक नगर पंचायत द्वारा नाली की सफाई, झाड़ियों की कटाई और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग उठी. पूजा समितियों ने तालाब की सफाई कराने तथा विसर्जन के दिन तालाब में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया. इसके अलावा जर्जर पुराने बिजली तारों को बदलकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई. विसर्जन जुलूस में लोगों से शराब का सेवन कर शामिल नहीं होने की भी अपील की गई.

बैठक को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर एके सिंह ने थाना क्षेत्र की 16 लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी पूजा समितियों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया. प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पूजा समितियों से सरकारी नियमों का पालन करते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की.

इस मौके पर बीडीओ आरती मुंडा, थाना प्रभारी राजेश कुमार, श्यामसुंदरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार, जेई सुशांत हेंब्रम, कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा, जेई रोहित लकड़ा, नगर अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा, एएसआई पीताम्बर मंडल, सतदल महतो, पतित पावन दास, मौशमी मल्लिक, असगर खान, संजीव मांडी, मोहम्मद गुलाब, गणेश रूंगटा, राजेंद्र सिंह, संजय दास, रमाकांत शुक्ला, अनिल मिश्रा, परमानंद सिंह, प्रणव बेरा, पिटला दास, शिवमंगल सिंह, अमित भारतीय, गंगा नारायण दास, राजेश सिंह, महादेव महतो, राजेश नामाता, राहुल दे, रवि तिवारी, साइमंस कुमार, रशीद खान समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

You missed