
चाकुलिया: सनातनी युवा मंच के सौजन्य से 16 अक्टूबर को केएनजे हाई स्कूल मैदान में आयोजित होगा विशाल महा रक्तदान शिविर
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित केएनजे हाई स्कूल मैदान में दुर्गा पूजा के अवसर पर आगामी 16 अक्टूबर (शुक्रवार) को महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. सनातनी युवा मंच की ओर से आयोजित इस शिविर को लेकर प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी गई. यह शिविर सनातनी युवा मंच के मुख्य संरक्षक सह विधायक समीर मोहंती के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है. विधायक ने बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ-साथ युवाओं को जोड़ने हेतु इस तरह का आयोजन किया जा रहा है. यह शिविर ब्लड बैंक एवं केएसबीएस झारखंड के सहयोग से किया जाएगा.
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा. शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना है.

इस अवसर पर सनातनी युवा मंच के सदस्यों ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं रक्तदाताओं से बढ़-चढ़कर शिविर में हिस्सा लेने की अपील की. आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है. एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी जरूरी है. स्वस्थ एवं इच्छुक नागरिक निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं.
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान स्वपन महतो, सचिन साव, साइमंस कुमार, विशाल बारीक, बुलबुल मंडल, बिक्रम बारीक, अशोक कुमार, मोहम्मद मिराज, अंशु मिश्रा, शुभम दास, हरप्रीत सिंह, देबू दास, सुरेश मुर्मू, सौरभ कुमार, कृष्णेंदु पाल और नाटू दास समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.
