
चाकुलिया: बहरागोड़ा विधानसभा के तीन उत्कृष्ट दुर्गा पूजा पंडालों को विधायक समीर मोहंती करेंगे शारद सम्मान से सम्मानित
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान उत्कृष्ट कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जल्द ही शारद सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. नेताजी सुभाष पब्लिक वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक सह विधायक समीर कुमार महान्ती की पहल पर विधानसभा क्षेत्र के तीन उत्कृष्ट दुर्गा पूजा पंडालों को सम्मानित करने की घोषणा की गई थी.
इसी क्रम में पांच सदस्यीय सर्वेक्षण टीम ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है. सर्वेक्षण टीम में गौतम दास, शिवशंकर पोलाई, प्रणव बेरा, मोहन माईति एवं बापी नंदी शामिल थे.
निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न पूजा पंडालों की साज-सज्जा, कलात्मकता, आकर्षक थीम, साफ-सफाई और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का बारीकी से आकलन किया. निर्धारित मानकों के आधार पर उत्कृष्ट दुर्गा पूजा पंडालों का चयन किया गया है.
जल्द आयोजित होने वाले शारद सम्मान समारोह में चयनित तीन दुर्गा पूजा समितियों को सम्मानित किया जाएगा. इस पहल का मुख्य उद्देश्य पूजा समितियों के उत्साह, समर्पण और मेहनत को सम्मान देना तथा क्षेत्र में कला, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है.
विधायक समीर कुमार महान्ती की इस पहल से दुर्गा पूजा समितियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
