
छोटा गम्हरिया में स्वदेशी जागरण मंच की पहल, 152 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
चित्रकला से मेहंदी तक प्रतियोगिताओं की धूम, स्वदेशी और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगे विद्यार्थी
गम्हरिया : स्वदेशी, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच की सरायकेला-खरसावां जिला इकाई ने मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिता में 152 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह एवं जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की। मुख्य अतिथि गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि विभाग संयोजक राजकुमार शाह और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार उपस्थित रहे। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय और नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। चित्रकला में 48, कक्षा नौवीं-दसवीं की प्रश्नोत्तरी में 32 तथा कक्षा ग्यारहवीं-बारहवीं की प्रश्नोत्तरी में 35 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में 37 बालिकाओं एवं महिलाओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिताओं के विषयों में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, बिजली बचत, मतदान का महत्व, झारखंड का आर्थिक परिदृश्य, बौद्धिक संपदा अधिकार और अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी में भारत की भूमिका शामिल रहे। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों में देशप्रेम, जागरूकता और स्वावलंबन की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को 7 नवंबर 2026 को ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
