
31 अक्टूबर तक प्रमाण पत्र नहीं मिले तो छूट सकती है छात्रवृत्ति, मधुश्री महतो ने SDO को लिखा पत्र
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
जाति, आय, आवासीय और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की मांग
चांडिल : चांडिल अनुमंडल में जाति, आय, आवासीय तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), चांडिल को पत्र लिखकर सभी चारों प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने की मांग की है। जारी पत्रांक 46/2026 में उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों के कई ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लंबे समय से लंबित हैं। इससे लोगों को आवश्यक कार्यों के निष्पादन में परेशानी हो रही है।
मधुश्री महतो ने विशेष रूप से ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए 31 अक्टूबर 2026 की अंतिम तिथि का उल्लेख करते हुए चिंता जताई कि प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने से गरीब विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं। वहीं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के अभाव में आम लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल प्रमाण पत्रों तक सीमित नहीं, बल्कि गरीब विद्यार्थियों के भविष्य और आम जनता के हितों से जुड़ा है। उन्होंने प्रशासन से नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त सरायकेला-खरसावां तथा चांडिल अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को भी भेजी गई है।
