Advertisements
Spread the love

ऑरेंज अलर्ट के बीच बड़ा फैसला: सरायकेला-खरसावां के सभी स्कूल 28 अक्टूबर को रहेंगे बंद

 

 

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

 

 

खराब मौसम की आशंका से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता, जिला प्रशासन ने घोषित किया एक दिन का अवकाश

 

 

 

सरायकेला : मौसम के बदलते मिजाज और संभावित प्राकृतिक खतरे को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को 28 अक्टूबर 2026 को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इस फैसले का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय ने मंगलवार को स्कूलों में अवकाश संबंधी आदेश जारी किया। इसके तहत जिले में संचालित प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों के साथ-साथ सभी गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान भी बंद रहेंगे।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। बारिश, तेज हवा और अन्य संभावित मौसमी परिस्थितियों के बीच बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

 

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। विद्यालय प्रबंधन को भी निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।

 

वहीं, प्रशासन ने आम लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन के इस निर्णय से जिले के विद्यार्थियों को बुधवार को विद्यालय नहीं जाना होगा।