Advertisements
Spread the love

स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को मिला राष्ट्र निर्माण का संदेश, बीसा में प्रखंड स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित

Arjun Kumar ….✍️

अनगड़ा (रांची)। रामकृष्ण मिशन आश्रम, दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र, मोरहाबादी, रांची की ओर से झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय के सहयोग से मंगलवार को अनगड़ा प्रखंड के बीसा गांव में प्रखंड स्तरीय युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में लगभग साढ़े पांच सौ युवाओं एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना था । कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम के योग शिक्षक प्रीतम बनिक के नेतृत्व में योगाभ्यास से हुई । उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। अखंडानंद शिक्षा एवं संस्कार केंद्र, छोटकी गोडांग की जानकी कुमारी ने स्वदेश मंत्र का पाठ किया। स्वागत भाषण विवेकानंद सेवा केंद्र, बरवाटोली, अनगड़ा के सचिव कमल बेदिया ने दिया । आश्रम के सचिव स्वामी भवेशानंद ने सामूहिक ध्यान अभ्यास कराया तथा सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘नया भारत गढ़ो’ विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और संदेशों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की वाणी ‘बनो और बनाओ’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को स्वयं का निर्माण करने के साथ समाज और राष्ट्र के पुनरुत्थान में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने 3-H के सिद्धांत Health (स्वास्थ्य), Head (अच्छे विचार) और Heart (अच्छे भाव) को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। साथ ही ‘भारत जागो, विश्व जगाओ’ का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि राजेन्द्र प्रसाद शाही मुण्डा ने युवाओं को समाज के विकास और सकारात्मक बदलाव में आगे आने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि बीसा पंचायत की मुखिया मंजोती देवी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य के निर्माण पर ध्यान देने की अपील की। सरस्वती शिशु मंदिर के रामचन्द्र महतो, मां शारदा पब्लिक स्कूल के तारा सिंह मुण्डा एवं शिवशंकर बेदिया, बीसा के उपमुखिया संजय भोक्ता, नवागढ़ के मुखिया भुवनेश्वर बेदिया तथा जगदीश भोगता भी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में युवा प्रतिनिधियों बिंदेश बेदिया और रोहित बेदिया ने अपने विचार रखे। आश्रम के स्वामी भक्तिशानन्द ने चरित्र निर्माण को राष्ट्रीय उन्नति का आधार बताते हुए स्वामी विवेकानंद के विचारों से युवाओं को अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पंचशील सिद्धांतों की जानकारी दी। इसमें स्वस्थ शरीर एवं मन, ज्ञान एवं कौशल, सकारात्मक मनोवृत्ति, संघबद्ध कार्य तथा सेवा एवं दान को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर उमेश कुमार बड़ाईक और सुषमा बड़ाईक ने भी अपने विचार साझा किए। आश्रम के ब्रह्मचारी राजीव चैतन्य ने आत्मनिर्भरता के लिए रामकृष्ण मिशन आश्रम की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। शारदा महिला समिति, मोरहाबादी की शर्मिष्ठा मैती ने समापन गीत प्रस्तुत किया। विवेकानंद सेवा संघ, टुंगरी टोली के सचिव अशोक बेदिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में युवाओं के साथ गांव की स्थानीय समस्याओं और उनके संभावित समाधान पर सामूहिक चर्चा की गई। इस दौरान युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
सम्मेलन को सफल बनाने में अनगड़ा प्रखंड के विभिन्न विवेकानंद सेवा संघों के कार्यकर्ताओं, शारदा महिला समिति की सदस्यों, आरकेएमवीईआरआई के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों तथा रामकृष्ण मिशन आश्रम के कर्मचारियों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।