
श्रम अधीक्षक की मध्यस्थता में प्रबंधन और मजदूरों के बीच बनी सहमति, लिखित समझौते के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर अड़े मजदूर
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
गम्हरिया : गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के फेज-5 स्थित विजयश्री ऑटो कॉम कंपनी में मजदूरों और प्रबंधन के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व में हुए लिखित समझौते को लागू नहीं किए जाने से नाराज मजदूरों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में कंपनी के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन जाम कर रखा है। पिछले दो दिनों से जारी इस आंदोलन के कारण कंपनी का उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झामुमो गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने बताया कि मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर 27 अगस्त को कंपनी प्रबंधन के साथ लिखित समझौता हुआ था। समझौते की प्रतिलिपि श्रम विभाग और जिला प्रशासन को भी सौंपी गई थी। लेकिन दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने समझौते की शर्तों को पूरी तरह लागू नहीं किया। मजदूरों का आरोप है कि वेतन में महज 20 से 30 रुपये की मामूली वृद्धि कर झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के प्रावधानों की अनदेखी की गई।
इधर, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे सरायकेला के श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर गतिरोध समाप्त कराने का प्रयास किया। श्रम अधीक्षक ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी, ईएसआई-पीएफ और बकाया सेटलमेंट समेत अन्य मुद्दों पर विभाग एवं यूनियन के प्रयास से सहमति बन गई है। प्रबंधन ने लगभग सभी मांगों को स्वीकार कर लिया है और बुधवार सुबह तक आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की बात कही है।
हालांकि, मजदूर प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। बुधवार सुबह 11 बजे तक लिखित समझौता मिलने और मजदूरों की सहमति के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो और केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने भी मजदूरों के पक्ष में आवाज बुलंद करते हुए प्रबंधन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा। प्रदर्शन में गणेश महाली, भुगलु सोरेन, प्यारे लाल प्रधान, गौरी टुडू, राजेश गोप, उदय मार्डी, अमृत महतो, लाल बाबू सरदार, बैद्यनाथ टुडू और राम महतो समेत बड़ी संख्या में मजदूर शामिल थे।
