Advertisements
Spread the love

हाईटेंशन तार की चपेट में हाथी की मौत पर मधुश्री महतो ने उठाए सवाल, वन एवं बिजली विभाग की जवाबदेही तय करने की मांग

 

 

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

 

 

एक साल में चार हाथियों की मौत से उठे सवाल, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

 

 

गुंडा-डिटांड के बीच 11 हजार वोल्ट के तार से हुआ हादसा, वन्यजीवों की सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल

 

 

नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा पंचायत के गुंडा और डिटांड गांव के बीच 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से हाथी की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। घटना पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने गहरा दुख जताते हुए वन विभाग और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे संबंधित विभागों की गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 

मधुश्री महतो ने कहा कि चांडिल डैम से प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही और उत्पात लगातार बढ़ रहा है। इससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं और ग्रामीणों की जान पर भी खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद हाथियों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं की जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में चार हाथियों की मौत होना बेहद चिंताजनक है। इसके बावजूद इन घटनाओं की जांच के लिए अब तक उच्चस्तरीय कमेटी गठित नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन मौतों के लिए जिम्मेदार कौन है?

 

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने सरकार से पिछले एक वर्ष में हुई हाथियों की मौत की उच्चस्तरीय जांच, वन एवं बिजली विभाग की भूमिका की पड़ताल और गुंडा-डिटांड के बीच झूलते हाईटेंशन तारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।