
नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में नए मेडिकल छात्रों का स्वागत, उपायुक्त ने सेवा और संवेदनशीलता को बताया चिकित्सा पेशे की असली पहचान
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
डॉक्टर बनना केवल पेशा नहीं, मानवता की सेवा का संकल्प है’, मेडनोवा-2026 में विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र
आदित्यपुर : नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बुधवार को नए मेडिकल सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए द्वितीय ओरिएंटेशन समारोह ‘मेडनोवा-2026’ का आयोजन किया गया। सितवंती देवी महिला कल्याण संस्थान की इस इकाई में आयोजित समारोह में वर्ष 2025 और 2026 बैच के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल डिग्री हासिल करने या रोजगार पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारी है। एक सफल चिकित्सक बनने के लिए ज्ञान और उत्कृष्टता के साथ करुणा, संवेदनशीलता तथा सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाला मरीज केवल बीमारी ही नहीं, बल्कि भय और उम्मीद भी लेकर आता है। ऐसे में डॉक्टर का व्यवहार और उसका भरोसा मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में झारखंड के ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाकों में चिकित्सा सेवा देने की अपील की।
वहीं, संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कॉलेज को पूरी तरह रैगिंग मुक्त परिसर बताया। उन्होंने कहा कि अगले साढ़े चार वर्षों तक संस्थान विद्यार्थियों के अभिभावक की भूमिका निभाएगा। पढ़ाई की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और शैक्षणिक सत्र निर्धारित समय पर पूरा किया जाएगा।
चेयरमैन ने बताया कि बिहार के बिहटा और आदित्यपुर के बाद संस्थान का तीसरा मेडिकल कॉलेज रांची में निर्माणाधीन है। मदन मोहन मेडिकल कॉलेज में वर्ष 2028 से 150 सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की योजना है।
समारोह में संस्थान के संस्थापक तेज नारायण सिंह, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. के.एन. सिंह, फैकल्टी सदस्य, विद्यार्थी और उनके अभिभावक उपस्थित थे। अंत में प्राचार्य डॉ. के.एन. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
