
हरित आदित्यपुर की ओर बड़ा कदम: विश्व पर्यावरण दिवस पर जयप्रकाश उद्यान में लगे 100 पौधे

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
महापौर बोले- पेड़ लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी, बच्चों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
आदित्यपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम की ओर से वार्ड संख्या-17 स्थित जयप्रकाश उद्यान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 100 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने की।
वृक्षारोपण अभियान के तहत जामुन, नीम, आंवला, पीपल, अमरूद, काजू, आम और ढाक समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जागरूकता कार्यक्रम पेश कर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उनकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना उससे भी अधिक आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना होगा।
नगर आयुक्त रवि प्रकाश ने कहा कि नगर निगम आदित्यपुर को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर तनुश्री घोष, अपर नगर आयुक्त पारुल सिंह, उप महापौर अंकुर सिंह, विभिन्न वार्डों के पार्षद, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित आदित्यपुर के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
Related posts:

