बहरागोड़ा में स्वतंत्रता दिवस पर होगा राष्ट्रभक्ति का महाकुंभ, भाजपा नेता राहुल सारंगी के नेतृत्व में निकलेगी तिरंगा बाइक रैली
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है. भाजपा द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को भव्य और ऐतिहासिक बनाने को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इसी क्रम में भाजपा नेता राहुल सारंगी ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी से मुलाकात कर कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की.



बैठक में 15 अगस्त को बहरागोड़ा में प्रस्तावित विशाल तिरंगा बाइक रैली को अभूतपूर्व बनाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस रैली के माध्यम से क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देने का संकल्प लिया गया.
जेसी हाई स्कूल के 1100 विद्यार्थियों को मिलेगा तिरंगा और मिठाई
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या 14 अगस्त को घाटशिला स्थित जेसी हाई स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. भाजपा नेता राहुल सारंगी ने विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी एवं विद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की. इस दौरान लगभग 1100 छात्र-छात्राओं के बीच राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और मिठाई का वितरण किया जाएगा.

राहुल सारंगी ने कहा, “हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना और युवा पीढ़ी में देशभक्ति का जज्बा जगाना हमारा मुख्य उद्देश्य है. 15 अगस्त की तिरंगा बाइक रैली में क्षेत्र के सभी नागरिक और युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा लें.”
ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं में उत्साह
राहुल सारंगी ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी बहरागोड़ा की सड़कों पर सैकड़ों बाइक सवारों के साथ विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी. रैली को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह है. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं. नेताओं ने आम जनता से स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और तिरंगे के सम्मान में एकजुट होने की अपील की.

