
डेढ़-दो साल का इंतजार खत्म, दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल; अब आसान होगी राह
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
सरकारी योजना से दिव्यांग के जीवन को मिली नई रफ्तार, इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल पाकर खिले चेहरे
गम्हरिया : शारीरिक चुनौतियों के बीच रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने की दिशा में डूडरा पंचायत के एक दिव्यांग के लिए नई उम्मीद जगी है। लंबे इंतजार के बाद सरकारी कल्याणकारी योजना के तहत उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राईसाइकिल मिलने से लाभुक के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी। अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर कम निर्भर रहना पड़ेगा।
लाभुक ने ट्राईसाइकिल मिलने पर झारखंड सरकार और आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे थे। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से आवागमन में सहूलियत होगी और कई जरूरी काम खुद करने में आसानी होगी।
इस संबंध में सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि इस बार विभाग को केवल दो इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध हुई थीं। इनके लिए संबंधित लाभुकों ने करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले आवेदन किया था। विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल में बैटरी, चार्जर समेत जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। इसकी मदद से दिव्यांगजन स्वयं वाहन चलाकर अपने कामकाज कर सकते हैं। वितरण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सीडीपीओ ने कहा कि अन्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों के आवेदन भी विभाग को प्राप्त हुए हैं। उनकी मांग वरीय अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है। नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध होने पर पात्र लाभुकों को भी इसका लाभ देने की कार्रवाई की जाएगी।
