Advertisements
Spread the love

चांडिल के यात्रियों को मिली नई रेल सुविधा, हरेलाल महतो के नेतृत्व में भाजपाइयों ने मनाई खुशी

 

 

हरेलाल महतो के नेतृत्व में भाजपाइयों ने सांतरागाछी – जयपुर एक्प्रेस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की जताई उम्मीद

 

सांतरागाछी-टाटानगर-जयपुर (खातीपुरा) एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन शुरू होने से झारखंड के यात्रियों को दूसरे राज्यों तक आवागमन का नया विकल्प मिला है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान को जोड़ने वाली इस ट्रेन से यात्रियों की आवाजाही के साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

सोमवार को चांडिल रेलवे स्टेशन पर भाजपा नेता हरेलाल महतो के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ट्रेन के परिचालन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

 

मौके पर हरेलाल महतो ने ट्रेन के परिचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे कनेक्टिविटी का विस्तार होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलती है। साथ ही, विभिन्न राज्यों के बीच संपर्क बढ़ने से धार्मिक यात्राओं और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलता है।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। हरेलाल महतो ने चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के प्रयासों से क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों को भी महत्व मिला है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांडिल रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्टेशनों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है।

 

उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र की रेल सुविधाओं का और विस्तार होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को लाभ मिलेगा।

 

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, भाजपा जिला महामंत्री डॉ. भूषण मुर्मू, मंडल रेलवे उपयोक्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य दिवाकर सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारथी महतो, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष मनोरंजन महतो, आकाश महतो, पप्पू वर्मा, युधिष्ठिर महतो, प्रभात पोद्दार, सोमेन मोदक, विजय मोदक, दिगंबर सिंह, बुद्धेश्वर महतो, राजेन महतो, बॉबी जालान, आशीष कुंडू और राजेश पसारी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You missed