
चांडिल के हारुडीह गांव में युवक को मारी गोली, इलाके में फैली दहशत

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत हारुडीह गांव में बुधवार को दिनदहाड़े गोली चलने की सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर गोली चला दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
गोली लगने से घायल युवक की पहचान हारुडीह गांव निवासी विजय तिर्की के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

