Advertisements
Spread the love

निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, दो बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा

Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को झटका, कार्यभार नहीं संभालने वाले बीएलओ पर गिरी कार्रवाई की तलवार

 

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बीच निर्वाचन कार्य में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। मतदान केंद्र संख्या 164 एवं 166 के लिए नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा कार्यभार ग्रहण नहीं किए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, गम्हरिया ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को भेजे पत्र में बताया है कि मतदान केंद्र संख्या 164 के लिए नियुक्त मध्य विद्यालय उत्तमडीह की शिक्षिका रेणुका महतो तथा मतदान केंद्र संख्या 166 के लिए नियुक्त यूपीएचसी सापड़ा की स्वास्थ्य सहिया रीता देवी ने अब तक बीएलओ का कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। जबकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के अद्यतन और सत्यापन की प्रक्रिया तेज गति से संचालित की जा रही है।

अंचल अधिकारी ने इसे निर्वाचन जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य के प्रति गंभीर उदासीनता बताया है। उन्होंने कहा कि बीएलओ मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की रीढ़ होते हैं। उनके स्तर पर लापरवाही होने से न केवल कार्यक्रम की प्रगति प्रभावित होती है, बल्कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य में भी बाधा उत्पन्न होने की संभावना बढ़ जाती है।

प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी से दोनों कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है। साथ ही स्पष्ट संदेश दिया गया है कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार कर्मियों की जवाबदेही तय करना आवश्यक है।
जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के बीच यह कार्रवाई अन्य नियुक्त कर्मियों के लिए भी एक स्पष्ट चेतावनी मानी जा रही है कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर प्रशासन सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।