बहरागोड़ा: श्रावण सोमवारी पर बाबा चित्रेश्वर धाम में विधायक समीर मोहंती ने की पूजा, क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा: पवित्र श्रावण मास के सोमवार के अवसर पर बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर कुमार मोहंती ने प्रसिद्ध बाबा चित्रेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, अच्छी वर्षा और खुशहाली की प्रार्थना की. पूजा-अर्चना के बाद विधायक ने कहा कि बाबा चित्रेश्वर धाम झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं. इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि जनआस्था से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. ऐसे स्थलों के विकास से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. श्रावण सोमवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान विधायक समीर मोहंती ने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की.



