बाबा चुटोनाथ के दरबार तक पहुंचना बना चुनौती, बदहाल सड़क और जलजमाव से श्रद्धालु परेशान


दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । उपराजधानी दुमका स्थित प्रसिद्ध बाबा चुटोनाथ मंदिर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे मार्ग तालाब जैसा दिखाई दे रहा है। सावन माह और सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंदिर मार्ग पर जलजमाव और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का खतरा बना हुआ है। वहीं ऑटो और चारपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पानी व कीचड़ के बीच होकर मंदिर तक पहुंचने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन के दौरान दूर-दराज से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु बाबा चुटोनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति उनके लिए परेशानी का कारण बन रही है। मंदिर के आसपास के दुकानदारों ने भी बताया कि खराब सड़क और जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मंदिर मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

