आदित्यपुर में प्रवीण सेवा संस्थान का चौथा रक्तदान शिविर संपन्न, प्रो. कालीपद सोरेन बोले- रक्तदान से मिलता है नया जीवन


रिर्पोटर – जगबन्धु महतो
आदित्यपुर: सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय प्रवीण सेवा संस्थान द्वारा रविवार को चौथे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा रक्तदाताओं का सम्मान कर उनके मानवता के प्रति योगदान की सराहना की।
अपने संबोधन में प्रो. कालीपद सोरेन ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज भी रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
प्रो. सोरेन ने कहा कि प्रवीण सेवा संस्थान वर्षों से जरूरतमंद मरीजों तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे सेवा कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और लोगों को परोपकार के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने स्वर्गीय प्रवीण सिंह के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, समर्पण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। वहीं संस्था के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Related posts:

