
चांडिल में टैगोर के पैतृक आवास पर हमले के विरोध में प्रदर्शन, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन

चांडिल : बांग्लादेश के शिराजगंज जिले में स्थित कवि गुरु रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक आवास पर हाल ही में हुई तोड़फोड़ की घटना के विरोध में शुक्रवार को चांडिल में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने चांडिल डैम रोड स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने से मार्च निकालते हुए चांडिल चौक बाजार तक नारेबाजी की और बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मोहम्मद युनुस का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।
भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि यह हमला केवल एक भवन पर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत पर सीधा हमला है। उन्होंने बांग्लादेश सरकार से उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, साथ ही भारत सरकार से भी इस मुद्दे पर कठोर रुख अपनाने की अपील की।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा नेता राकेश वर्मा, चांडिल प्रमुख रामकृष्ण महतो, मुखिया मनोहर सिंह सरदार, खुदी सिंह सरदार, बोनू सिंह सरदार, शिबू चटर्जी, गौरी शंकर सिंह, प्रभात पोद्दार, अपीन कालिंदी, दुर्गा सिंह, राजू दत्ता, समीर कुंडू, श्रवण महतो समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन प्रतिभागियों में गहरा आक्रोश देखा गया।

