
चाकुलिया. भाजपा नेत्री चंदना मुर्मू ने कहा आवारा कुत्तों के आतंक से परेशान जनता, नगर पंचायत प्रशासन नाकाम
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता में दहशत का माहौल बना हुआ है. हाल ही में सामने आई घटनाओं में कई लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं, बावजूद इसके नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रहा है.

इस संबंध में भाजपा नेत्री चंदना मुर्मू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण आम जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है. उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र में लगातार कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, तब भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है.
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. आवारा कुत्तों से भी जनता को राहत नहीं दिला पा रहा है नगर पंचायत प्रशासन.
भाजपा नेत्री ने यह भी कहा कि छोटे-छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा इस समस्या से प्रभावित हो रहे हैं. सुबह और शाम के समय सड़कों पर निकलना लोगों के लिए खतरनाक होता जा रहा है. कई लोग डर के कारण अपने दैनिक कार्यों में भी बाधा महसूस कर रहे हैं. यदि समय रहते इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया, तो यह स्थिति और भी भयावह रूप ले सकती है. ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह तत्काल कार्रवाई कर जनता को राहत दिलाए.
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका उचित टीकाकरण और सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर इलाज मिल सके.

