Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: वज्रपात से 72 वर्षीय वृद्ध की मृत्यु पर भाजपा नेताओं ने सरकार से की मुआवजे की मांग

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कुचियाशोली पंचायत के पांडराशोली गांव में रविवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने की एक दुखद घटना में 72 वर्षीय लक्ष्मण महाली की मृत्यु हो गई. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है तथा मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisements

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण महाली रविवार को अपने दैनिक कार्य के तहत गांव के समीप बकरी चरा रहे थे. इसी दौरान अपराह्न लगभग 4 बजे अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकुलिया पहुंचाया, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के पश्चात मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है तथा पूरे गांव में शोक का वातावरण व्याप्त है.

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता चंदन महतो, ठाकुरदास गोप, शंकर नाथ एवं पापुन दास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्याप्त की तथा गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आपदा राहत कोष के अंतर्गत निर्धारित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके.