
चाकुलिया: दुर्गापूजा से पहले खराब स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने समेत जन समस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर बुधवार को विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो नेता विशाल बारिक ने कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर बैठक की. बैठक में दुर्गापूजा समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
विशाल बारिक ने अंडरपास से लेकर नगर पंचायत कार्यालय, नागा बाबा मंदिर होते हुए मुख्य सड़क तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुर्गापूजा से पूर्व पांच दिनों के अंदर दुरुस्त कराने की मांग की. साथ ही जिन स्थानों और वार्डों में अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है, वहां पूजा से पहले लाइट लगाने का कार्य पूरा करने की बात कही.

उन्होंने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था में और तेजी लाने तथा निर्धारित सभी स्थानों और वार्डों से सुबह-शाम नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया. आगामी त्योहारों को देखते हुए हर घर तक पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रखने तथा किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने देने की मांग की गई.
आवाजाही को सुगम बनाने के लिए प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, भारी वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर भी चर्चा हुई. वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र आवेदकों को योजना का लाभ मिले, इसके लिए विशेष ध्यान देने और पात्र लाभुकों को चिन्हित कर लाभ दिलाने की बात कही गई.
बैठक में होल्डिंग टैक्स और वाटर बिल से संबंधित विभागीय कार्यों को पुनः शुरू किए जाने की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर पंचायत की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी करने का भी आग्रह किया गया. इस मौके पर नगर प्रबंधक जय गुड़िया एवं झामुमो नेता मनोज महतो उपस्थित थे.
