Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: सांसद बिद्युत बरण महतो के पहल से एनएचएआई ने दी मंजूरी, घाटशिला और बहरागोड़ा में 80 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बिद्युत बरण महतो के सतत प्रयासों एवं पहल के परिणामस्वरूप बहरागोड़ा क्षेत्र में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु एक महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-18 (पूर्व में एनएच-33) पर फ्लाईओवर, अंडरपास एवं सर्विस रोड निर्माण के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी कर दिया गया है.

Advertisements

इस परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 80,24,58,387 (अस्सी करोड़ चौबीस लाख अठावन हजार तीन सौ सत्तासी रुपये) है. निर्माण कार्य का दायित्व मैसर्स एस.आर. कंस्ट्रक्शन, मथुरा (उत्तर प्रदेश) को सौंपा गया है, जिसकी निविदा तकनीकी एवं वित्तीय मूल्यांकन के उपरांत सर्वाधिक उपयुक्त पाई गई.

परियोजना के अंतर्गत फुलडुंगरी स्थित चेनज 286+680 पर लाइट व्हीकल अंडरपास (LVUP) का निर्माण किया जाएगा. इसके अतिरिक्त, बहरागोड़ा बस स्टैंड पीडब्ल्यूडी चौक के समीप चेनज 332+518 पर व्हीकल अंडरपास (VUP) का निर्माण प्रस्तावित है. साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-43 एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-32 (नया एनएच-18) के संगम स्थल पर चेनज 218+957 पर एक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. इन सभी स्थलों पर सुचारू स्थानीय यातायात के लिए सर्विस रोड का भी निर्माण किया जाएगा.

एनएचएआई के जीएम (टेक्निकल) अजय गुप्ता द्वारा जारी पत्र के अनुसार, संबंधित एजेंसी को अनुबंध की शर्तों के अनुरूप 30 दिनों के भीतर 2,40,73,752 की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी एवं 7,73,01,613 की अतिरिक्त परफॉर्मेंस सिक्योरिटी जमा कराने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित अवधि में औपचारिकताएं पूर्ण नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है.

सांसद बिद्युत बरण महतो ने इस स्वीकृति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि बहरागोड़ा क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव, जाम की समस्या एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना की अत्यंत आवश्यकता थी. उन्होंने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन से न केवल आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, आवागमन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी.

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाती रहेगी. उक्त परियोजना के पूर्ण होने के उपरांत बहरागोड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होने की अपेक्षा है, जिससे आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी.

You missed