
चाकुलिया: अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में निकली ऐतिहासिक बाइक रैली, उमड़ा जनसैलाब
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की भाजपा समर्थित अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू के समर्थन में शनिवार को एक भव्य एवं ऐतिहासिक बाइक रैली का आयोजन किया गया. इस रैली में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं समर्थकों ने भाग लेकर पूरे नगर क्षेत्र में अभूतपूर्व जनसमर्थन का प्रदर्शन किया.


बाइक रैली का शुभारंभ चुनाव कार्यालय से किया गया. यह रैली बिरसा चौक से होते हुए कामारीगोड़ा, नामोपाड़ा, कांकड़ीशोल, पुराना बाजार, नया बाजार, मुख्य मार्ग सहित विभिन्न वार्डों से गुजरते हुए पुनः बिरसा चौक पहुंची. पूरे मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया तथा अपने समर्थन का इज़हार किया.

रैली के दौरान कार्यकर्ता भगवा झंडों एवं बैनरों के साथ उत्साहपूर्वक नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ते रहे. “विकास की पहचान चन्दना मुर्मू” तथा “चाकुलिया का संकल्प अध्यक्ष चन्दना मुर्मू” जैसे नारों से पूरा नगर क्षेत्र गुंजायमान हो उठा. इस दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं वक्ताओं ने कहा कि चन्दना मुर्मू एक जमीनी, कर्मठ एवं जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशी हैं. उनके नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ सुदृढ़ किया जाएगा.

भाजपा नेताओं ने आम मतदाताओं से अपील किया कि वे आगामी चुनाव में चन्दना मुर्मू के पक्ष में मतदान कर चाकुलिया के सर्वांगीण विकास एवं सुशासन को सुनिश्चित करें.

