Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: मानस चतु:शती महोत्सव के दूसरे दिन श्रीराम जन्मोत्सव प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु, जन्मोत्सव की निकली झांकी

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित मानस नगर (स्टील फैक्ट्री परिसर) में मंगलवार को मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन कथावाचक सीताराम शास्त्री महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया. कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे.

कथावाचक सीताराम शास्त्री महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का संपूर्ण जीवन सत्य, त्याग, सेवा और मर्यादा का प्रतीक है. उनके आदर्श हर युग में प्रासंगिक हैं. यदि मनुष्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर ले, तो समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिकता का विस्तार हो सकता है. उन्होंने कहा कि यदि राम जैसा पुत्र चाहिए, तो पिता दशरथ जैसे संस्कार भी जरूरी हैं.

कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के अवतरण की कथा सुनाते हुए बताया कि ब्राह्मणों के श्राप और रावण के बढ़ते अत्याचारों से त्रस्त धरती को मुक्ति दिलाने के लिए भगवान ने श्रीराम के रूप में अवतार लिया. रावण के अत्याचार से सभी भयभीत थे. उन्होंने कहा कि अपना दुख किसी संत या भगवान के समक्ष ही व्यक्त करना चाहिए.

भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न चारों भाइयों के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए कथावाचक ने भक्ति और उल्लास का माहौल बना दिया. जैसे ही भगवान के जन्म की खुशी में ‘घर-घर आनंद छायो, अयोध्या नगरी में…’ भजन गूंजा, श्रद्धालु झूमने और नृत्य करने लगे. पूरा कथा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान हो उठा.

कथा के अंत में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की आकर्षक झांकी निकाली गई. जन्मोत्सव की खुशी में श्रद्धालुओं के बीच चॉकलेट का वितरण भी किया गया.

You missed