Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती के प्रयास से कालापाथर–मानुषमुड़िया क्षेत्र में नए विद्युत उपकेंद्र निर्माण की प्रक्रिया हुई तेज

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के कालापाथर–मानुषमुड़िया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की लंबे समय से चली आ रही बेहतर विद्युत व्यवस्था की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है. विधायक समीर मोहंती के लगातार प्रयासों के बाद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने कालापाथर गांव में प्रस्तावित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र के निर्माण हेतु आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, चाकुलिया के सहायक विद्युत अभियंता द्वारा अंचलाधिकारी, चाकुलिया को पत्र भेजकर उपकेंद्र निर्माण के लिए लगभग 100×100 मीटर सरकारी भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है.

इस संबंध में विधायक समीर मोहंती ने कहा कि कालापाथर, मानुषमुड़िया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की यह वर्षों पुरानी मांग थी. नए विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ एवं निर्बाध होगी. इससे किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यवसायियों तथा आम उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा तथा इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभाग के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है.

You missed