चाकुलिया: हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग संवेदनशील इलाकों में लगा रहा एआई कैमरे
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया वन क्षेत्र में जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग द्वारा आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. इसी कड़ी में क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में जैसे चौठीया, कलसीमुंग, मौरबेड़ा, पूर्णापानी, माचाडीहा, जामुआ, राजाबासा, कालियाम, हरिनीया, मुटूरखाम, सियालबिंदा, भादुआ, बेनासोली और सरडीहा में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित कैमरे लगाए जा रहे हैं.



इन कैमरों के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी. कैमरे हाथियों की मौजूदगी का पता लगाकर वन विभाग को समय पर सूचना उपलब्ध कराने में सहायक होंगे, जिससे प्रभावित गांवों के लोगों को पहले से सतर्क किया जा सकेगा और जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी. इस संबंध में फॉरेस्टर कल्याण महतो ने बताया कि एआई कैमरे वन्यजीवों की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाएंगे. इसके आधार पर हाथियों की आवाजाही का अध्ययन कर भविष्य में बेहतर रणनीति तैयार की जा सकेगी. साथ ही उन्होंने लोगों से भी अपील किया कि हाथियों की सूचना मिलने पर ग्रामीण सतर्क रहें तथा वन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें.

