चाकुलिया: नगर पंचायत की लापरवाही से बढ़ा जल संकट, फटी पाइपलाइन से रोज़ाना हजारों लीटर पानी बर्बाद
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के बाजपेयी नगर में फटी हुई पेयजल पाइपलाइन के कारण पिछले कई दिनों से लगातार स्वच्छ पेयजल की बर्बादी हो रही है. पाइपलाइन से रिसने वाला पानी सड़क और घरों के सामने जमा होकर स्थायी जलभराव का रूप ले चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाई के साथ-साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.



स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी वार्ड पार्षद सह नगर उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा को कई बार मौखिक रूप से दी गई है, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई है. नतीजतन प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है और सड़क पर पानी जमा रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. बारिश के मौसम में यह जलभराव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है.

क्षेत्र में पहले से ही मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का केंद्र बन सकता है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है. स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से फटी हुई पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने, जलभराव की निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा भविष्य में ऐसी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. इस संबंध में उपाध्यक्ष राज कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले को जानकारी मिली है. बरसात के कारण कार्य में विलंब हो रही है. जल्दी ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा.
Related posts:

