Spread the love

बिजली विभाग की लापरवाही से करंट लगने पर भैंस की मौत, ग्रामीणों में आक्रोस

Advertisements
Advertisements

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता

दुमका । उपराजधानी दुमका के पुराना दुमका क्षेत्र में शनिवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण करंट लगने से एक पालतू भैंस की मौत हो गई। इस हादसे में पुराना दुमका निवासी कपिल देव यादव को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मोहल्ले में यह हादसा हुआ वहां लंबे समय से बिजली के पोल नहीं लगे हैं। बिजली के तार बांस और पेड़ों के सहारे लटकाए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर तार टूटकर जमीन पर पड़े हुए हैं। शनिवार को हुई बारिश के कारण क्षेत्र में पानी और कीचड़ जमा था। इसी दौरान कपिल देव यादव की भैंस टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गई और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) एवं एसडीओ को मौखिक और लिखित शिकायत दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन दिया गया। समस्या का स्थायी समाधान आज तक नहीं किया गया। पीड़ित कपिल देव यादव ने बताया कि उनकी आजीविका का मुख्य साधन यही भैंस थी। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय निवासी प्रमोद यादव, मुकेश पंडित और पंकज कुमार ने बताया कि इलाके में बिजली के पोल नहीं होने के कारण तार जमीन पर पड़े रहते हैं। इसी रास्ते से बच्चे स्कूल आते-जाते हैं और प्रतिदिन लोगों की आवाजाही रहती है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल नए बिजली पोल लगाए जाएं, जर्जर एवं टूटे तारों को बदला जाए, मृत भैंस के मालिक को उचित मुआवजा दिया जाए तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि भैंस का पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा एवं आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

You missed