
चांडिल : ट्रॉफी के उद्घाटन मुकाबले में भिड़े खिलाड़ी, मैदान पर चले लात-घूंसे…
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
चांडिल में फुटबॉल मैच के दौरान बवाल, दो टीमों के खिलाड़ियों में मारपीट से टूर्नामेंट की शुरुआत पर उठे सवाल
चांडिल : समाजसेवी हरेलाल महतो के 52वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एचएलएम ट्रॉफी सीजन-5 के पहले ही दिन फुटबॉल मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया।धातकीडीह-भादूडीह मैदान में 6 अक्टूबर की शाम खेले जा रहे मुकाबले के दौरान किसी बात को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मैदान पर लात-घूंसे चलने लगे। घटना के दौरान कुछ देर के लिए खेल का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। मुकाबले के दौरान मौजूद लोगों और आयोजन से जुड़े लोगों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पूरे घटनाक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जा रहा था। मारपीट के वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगे, जिसके बाद घटना चर्चा में आ गई।
टूर्नामेंट के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस के अनुसार मैदान में किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पेट्रोलिंग टीम समय-समय पर निरीक्षण कर रही थी। चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि 6 अक्टूबर की शाम मैदान में हुई मारपीट को लेकर थाने में अब तक कोई लिखित शिकायत या सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए चांडिल एसडीओ कार्यालय से अनुमति ली गई थी और पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मैदान का जायजा लेती रही।
एचएलएम ट्रॉफी सीजन-5 में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता 6 और 7 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के विजेता को तीन लाख रुपये, उपविजेता को दो लाख रुपये तथा तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को एक-एक लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी दी जानी है।
घटना को लेकर आयोजक हरेलाल महतो का पक्ष जानने के लिए दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो पाया था।
