
ओल्ड एज होम की वृद्धाओं को मिली कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी

Arjun Kumar…✍️
रांची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को चिरौंदी स्थित ओल्ड एज होम में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्ध महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में उपस्थित पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) संगीता देवी और बंधु उरांव ने ओल्ड एज होम में रह रही वृद्धाओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) और झालसा के सहयोग से वृद्धजनों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान वृद्धा पेंशन योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। पीएलवी ने उपस्थित महिलाओं को नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताते हुए किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर इसका उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाओं ने विभिन्न योजनाओं और कानूनी सहायता संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कराया। डालसा की ओर से कहा गया कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही इस जागरूकता अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

