शहीद निर्मल महतो को नमन के बाद कांग्रेस ने उठाई गम्हरिया की जनसमस्याएं, मुख्यमंत्री को सौंपा छह सूत्री मांगपत्र


रिपोर्टर : जगबंधु महतो
जाम, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दे पर मुखर हुए अनिल ठाकुर, गम्हरिया में फ्लाईओवर और 24×7 CHC की मांग
जमशेदपुर/उलियान : झारखंड आंदोलन के महानायक एवं वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। इंटक जिला अध्यक्ष सह गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने शहीद निर्मल महतो को पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उनके सम्मान में नारे भी लगाए गए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम छह सूत्री मांगपत्र सौंपकर गम्हरिया प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
मांगपत्र में उषा मोड़ से डीवीसी मोड़ तक भीषण जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए फोरलेन ओवरब्रिज अथवा फ्लाईओवर के निर्माण की मांग की गई। कांग्रेस ने कहा कि जाम के कारण आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और एंबुलेंस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शिक्षा के क्षेत्र में निजी विद्यालयों की मनमानी फीस पर रोक लगाने, आरटीई अधिनियम-2009 एवं झारखंड शुल्क विनियमन कानून का पालन सुनिश्चित कराने तथा फीस की जांच के लिए फीस नियंत्रण समिति गठित करने की मांग की गई।
स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24×7 संचालित करने, चिकित्सकों एवं अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति तथा पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इसके अलावा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, स्थानीय नियोजन नीति लागू करने, गम्हरिया में कौशल विकास केंद्र स्थापित करने, बिजली कटौती की समस्या दूर करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई गई।
औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए फैक्ट्री मालिकों एवं ठेकेदारों द्वारा निर्धारित सरकारी दर से कम मजदूरी दिए जाने की शिकायत पर भी कार्रवाई की मांग की गई।
अनिल ठाकुर ने कहा कि शहीद निर्मल महतो का सपना केवल अलग राज्य का निर्माण नहीं, बल्कि झारखंड के लोगों को अधिकार, सम्मान और बेहतर भविष्य दिलाना था। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए जनता की समस्याओं के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में जिला महासचिव राजू रजक, गम्हरिया मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार दास, इंटक महिला जिला अध्यक्ष रानी शर्मा, रूपेश शर्मा, उर्मिला देवी, सुमी नाथ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

