
राँची में भारी बारिश का अलर्ट, 20 जून को सभी स्कूल बंद रहेंगे

राँची । भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 20 जून को राँची जिले में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसे ध्यान में रखते हुए उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। जारी आदेश के अनुसार, जिले में संचालित सभी प्रकार के सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) और निजी विद्यालयों में कक्षा KG से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित रहेगी। मौसम विभाग ने राँची जिले को ‘रेड जोन’ में रखा है, जहां अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा और संभावित आपदा से बचाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी विद्यालय या संस्थान पर आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की गई है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहें।
Related posts:

