Advertisements
Spread the love

जोन्हा जलप्रपात में बहा डीपीएस राँची का संगीत शिक्षक, तेज बहाव के कारण अब तक नहीं मिला शव

Advertisements

राँची/अनगड़ा : जोन्हा जलप्रपात घूमने आए राँची निवासी माईकल घोष (उम्र 40 वर्ष) गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे झरने की तेज धार में बह गए। माईकल घोष दिल्ली पब्लिक स्कूल, राँची में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और मूलतः धनबाद के निवासी थे।

वे अपने तीन साथियों – पंकज श्रीवास्तव और ऋतिक सामाद – के साथ यूपी नंबर की एक गाड़ी (UP14CM1020) से जोन्हा फॉल पहुंचे थे। तीनों पर्यटक मूसलधार बारिश के बीच झरने के ऊपरी हिस्से (जीप लाइन क्षेत्र) की ओर बढ़ गए थे।

झरना परिसर में तैनात पर्यटक मित्रों ने उन्हें जलस्तर के खतरनाक होने की चेतावनी दी और पानी के पास न जाने के लिए मना किया था, लेकिन तीनों ने चेतावनी को नज़रअंदाज़ करते हुए झरने के ऊपरी हिस्से में चढ़ाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माईकल घोष एक पत्थर पर बैठकर सेल्फी ले रहे थे, तभी पैर फिसलने से वह सीधे झरने की तेज धारा में गिरकर बह गए। जलधारा की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके दोनों साथी उन्हें बचा नहीं सके।

घटना की सूचना मिलते ही पर्यटक मित्रों, स्थानीय दुकानदारों और अनगड़ा पुलिस द्वारा झरने के आस-पास सघन खोज अभियान चलाया गया, लेकिन शाम तक माईकल घोष का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन राहत और खोज अभियान में जुटे हुए हैं। झरने के जलस्तर में तेजी को देखते हुए सुरक्षा बलों को सतर्क किया गया है।