
प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

राँची/नामकुम। प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा मैदान, नामकुम में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह ने फुटबॉल किक कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रखंड के विभिन्न उच्च विद्यालयों से आए अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के प्रतिभागी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ना भी जरूरी है। सरकार का यह प्रयास छात्रों को समग्र विकास का अवसर प्रदान करता है, जिसका अधिक से अधिक लाभ विद्यार्थियों को उठाना चाहिए।
प्रतियोगिता में कुल 9 टीमों ने भाग लिया। अंडर-15 और अंडर-17 दोनों वर्गों में प्रकाश हाई स्कूल, हुलहुंदु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में कस्तूरबा +2 उच्च विद्यालय, खरसिदाग विजेता रही, जबकि हंसराज बाधवा +2 उच्च विद्यालय, नामकुम उपविजेता बना।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह द्वारा विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागी टीमों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएँ, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन ने क्षेत्र में खेल भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।
Related posts:

