
बुढ़मू दुष्कर्म कांड में झालसा ने लिया संज्ञान, पीड़िता को मुआवजा, वकील और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
रांची । बुढ़मू थाना क्षेत्र में दुष्कर्म से जुड़ी खबर को गंभीरता से लेते हुए झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के माननीय न्यायामूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने संज्ञान लिया है। उनके निर्देश तथा झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के आदेश पर न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई है। डालसा सचिव राकेश रौशन के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर पीड़िता और उसके परिवार से मिलने के लिए बुढ़मू प्रखंड के हथनाई गांव भेजा गया। टीम में डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, सहायक एलएडीसी पंकज कुमार शर्मा, पीएलवी बंधु उरांव, दीपक मुंडा, सिकन्दर मुंडा, सादिक अली, अनिल ठाकुर और काजल कुमारी शामिल थे। टीम ने पीड़िता और उसके परिवार से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली। डालसा की ओर से पीड़िता को पीड़ित मुआवजा योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन लिया गया है। इसकी जांच प्रक्रिया जल्द पूरी कर मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न लाभकारी एवं कल्याणकारी योजनाओं से भी पीड़िता को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पीड़िता के केस की पैरवी के लिए डालसा द्वारा निःशुल्क पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इसके अलावा पीड़िता के परिवार को इंदिरा आवास योजना का लाभ दिलाने की भी कार्रवाई की जाएगी। बातचीत के दौरान जानकारी मिली कि पीड़िता के साथ उसी गांव के एक व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता के परिवार में माता-पिता, एक भाई और तीन बहन हैं। पीड़िता ने कक्षा नौ तक पढ़ाई की है और वह आगे अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है। उसके पिता वर्तमान में बिहार के बक्सर में काम करते हैं। यह भी सामने आया कि पीड़िता के परिवार के पास अभी इंदिरा आवास नहीं है। डालसा की टीम ने पीड़िता को हर संभव कानूनी सहायता और योजनाओं का लाभ दिलाने का भरोसा दिया है।
ज्ञात हो कि पीड़िता का मेडिकल चेक-अप कराने में डालसा के पीएलवी ऋषभ जायसवाल ने सहयोग किया है।

