Advertisements
Spread the love

जेएलकेएम पार्टी का कंपनी गेट पर उग्र आंदोलन, पत्रकारों की आवाजाही रोकी

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया (सरायकेला) : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र थाना मोड़ स्थित फेज-6 के क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन लिमिटेड कंपनी गेट पर बुधवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के बैनर तले उग्र प्रदर्शन किया गया। इंचागढ़ विधानसभा प्रत्याशी सह केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो, बेबी महतो और जिलाध्यक्ष दीपक महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने करीब तीन घंटे तक कंपनी गेट जाम रखा। इस दौरान किसी को भी कंपनी से अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पत्रकारों की आवाजाही तक रोक दी गई।

पत्रकारों द्वारा जब प्रदर्शनकारियों से यह पूछा गया कि उनमें से कौन कंपनी का कर्मचारी है, तो कोई सामने नहीं आया। कुछ महिलाओं ने केवल इतना कहा कि उनके रिश्तेदार वहां कार्यरत थे। वहीं, जब निष्कासित मजदूरों के नाम पूछे गए तो बेबी महतो ने महिलाओं को चुप करा दिया। इसको लेकर मौके पर हल्का विवाद भी हुआ।

घटनास्थल पर पहुंचे गम्हरिया ब्लॉक के बीसीओ सुनील कुमार चौधरी से प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से जबरन एक समझौते पर हस्ताक्षर करा लिए। हालांकि, उस दस्तावेज में मजदूरों की वास्तविक मांगें दर्ज ही नहीं थीं।

कंपनी प्रबंधन ने इस आंदोलन को पूरी तरह असंवैधानिक और अनुचित बताया। प्रबंधन का कहना है कि मजदूरों का मामला न्यायालय में लंबित है, ऐसे में सड़क पर धरना-प्रदर्शन करना गैरकानूनी है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि 2019 में भी विवाद हुआ था और तब सभी मजदूरों को दोबारा काम पर लौटने का अवसर दिया गया था, लेकिन उन्होंने स्वेच्छा से फाइनल सेटलमेंट लेकर नौकरी छोड़ दी थी। अब छह साल बाद उसी मुद्दे को उठाना निराधार है।

वहीं, जेएलकेएम सूत्रों के अनुसार पार्टी सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो ने इस धरना को अनुमति नहीं दी थी क्योंकि अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय से इसकी औपचारिक अनुमति ली ही नहीं गई थी।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जेएलकेएम कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें केंद्रीय उपाध्यक्ष बेबी महतो, तरुण महतो, संगठन मंत्री संजय गोराई, जिलाध्यक्ष दीपक महतो, कोषाध्यक्ष राज महतो समेत कई नेता शामिल थे।

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या मजदूरों के नाम पर राजनीतिक फायदे के लिए असंवैधानिक प्रदर्शन किया जा रहा है या फिर वास्तव में मजदूरों के मुद्दों को सुलझाने की कोशिश है।