Advertisements
Spread the love

सिंदरीतोपा में दो जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात, विद्यालय का चावल खाकर किया नुकसान

Advertisements

राँची/अनगड़ा  । प्रखंड के कुच्चू पंचायत के सिंदरीतोपा गांव में मंगलवार रात करीब नौ बजे दो जंगली हाथियों ने भारी उत्पात मचाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सिंदरीतोपा को निशाना बनाया और विद्यालय परिसर में घुसकर वहां रखे मिड-डे मील के चावल को खा लिया तथा नुकसान पहुँचाया।
हाथियों ने विद्यालय के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और किचन शेड का दरवाजा तोड़ते हुए वहां रखे मिड-डे मील के चावल के बोरे को खा लिया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे वन विभाग से ठोस कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव बालेश्वर बेदिया और हुण्डरु वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष बुधराम बेदिया मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने वन विभाग से पीड़ित विद्यालय को समुचित मुआवजा देने की मांग की।

वनरक्षी कृष्ण कुमार महतो भी मौके पर पहुंचे और हाथियों द्वारा किए गए नुकसान का आकलन किया। साथ ही ग्रामीणों के बीच हाथियों को भगाने हेतु पटाखों का वितरण किया गया।

घटना स्थल पर बुधराम बेदिया, असकर बेदिया, बुद्धेश्वर बेदिया, नागेश्वर बेदिया, सुरज बेदिया, करमू बेदिया, पाड़ू बेदिया समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।

You missed