
मिश्रा टोला में 12 फीट का अजगर निकलने से दहशत

Arjun Kumar Pramanik…….✍️
नामकुम(राँची) । टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के मिश्रा टोला में मंगलवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में करीब 10 से 12 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। बताया जाता है कि श्रीकांत मिश्रा के घर के आंगन में अचानक यह विशाल अजगर रेंगते हुए दिखाई दिया। सांप को देखते ही परिजनों के साथ-साथ आस-पड़ोस के लोग भी भयभीत हो गए और चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल से अजगर का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। अजगर के विशाल आकार को देखकर पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम बुधवार को मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद पेड़ पर चढ़े अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। उसे बाद में जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
इस दौरान स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

