
अभिभावक बच्चे-बच्चियों का रखें ख्याल, मानव तस्करी से बचाएं : डालसा

Arjun Kumar Pramanik……✍️
रांची । जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के तत्वावधान में बेड़ो प्रखंड स्थित राजकीय उच्च विद्यालय, खोखरा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को मानव तस्करी, नशा उन्मूलन, बाल अधिकार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक करना था।
इस अवसर पर पीएलवी मंगल तिर्की, दिनेश प्रमाणिक, सधनी कुमारी, संजय कुमार सहित अन्य उपस्थित थे। पीएलवी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी तथा मानव तस्करी और नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। दिनेश प्रमाणिक ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। वर्तमान समय में मानव तस्करी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जहां बच्चों को बहला-फुसलाकर दूसरे राज्यों में ले जाकर बेच दिया जाता है। कई मामलों में बच्चों से जबरन घरेलू कार्य कराया जाता है या भीख मंगवाने जैसे अमानवीय कार्यों में धकेल दिया जाता है। सधनी कुमारी ने नशा उन्मूलन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभिभावक स्वयं तथा अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। हड़िया-दारू एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे आर्थिक क्षति भी होती है।
संजय कुमार ने प्री-लिटिगेशन के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, असंगठित मजदूरों का निबंधन, आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड, बाल श्रम एवं बाल अधिकार से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह निषेध कानून के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के दौरान आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि उक्त तिथि को व्यवहार न्यायालय, रांची में उपस्थित होकर वादकारी अपने मामलों का निःशुल्क एवं त्वरित निस्तारण करा सकते हैं। अंत में उपस्थित लोगों के बीच पंपलेट एवं लीफलेट का वितरण किया गया।

