Advertisements
Spread the love

मोहर्रम को लेकर चांडिल थाना में शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर

Advertisements

जुलूस निर्धारित मार्ग से निकलेगा, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

चांडिल में आगामी शहादत का पर्व मोहर्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में शनिवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, थाना प्रभारी संतन तिवारी, मोहर्रम जुलूस कमेटी के सदस्य, पुलिस पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने कहा कि इमाम हुसैन की शहादत सत्य, न्याय और बलिदान की मिसाल है। उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील की कि मोहर्रम के अवसर पर इमाम हुसैन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए भाईचारे और शांति का संदेश दें तथा पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।वहीं थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। जुलूस शाम पांच बजे प्रारंभ होगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जुलूस के दौरान चांडिल बाजार क्षेत्र में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जुलूस कमेटी की ओर से 25 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी, जो पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालेंगे।बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने डैम रोड में अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम, नालियों की सफाई तथा अन्य नागरिक समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। इस पर प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक संदेशों को साझा करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सभी समुदायों के लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और सफल तरीके से संपन्न कराया जा सके।