
पोटका के लेखक विकास कुमार भगत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान

जमशेदपुर से संवाददाता अभिजीत सेन का रिपोर्ट
जमशेदपुर / पोटका । पोटका प्रखंड के शंकरदा गांव के जाने-माने लेखक, शिक्षक, कवि एवं विकाश एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सह पायनियर इंग्लिश स्कूल, जानमडीह के संस्थापक प्राचार्य विकास कुमार भगत को उनकी अंग्रेजी पुस्तक “अनफॉरगेटेबल मेमोरीज” (द्वितीय संस्करण) के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्हें 25 अक्टूबर को द बुक चैनल द्वारा आयोजित ऑथर्स पेन अवार्ड्स समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा, जबकि एक नवंबर को इन्फिनिटी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा काठमांडू, नेपाल में आयोजित होने वाले नेपाल ऑथर्स अवॉर्ड्स 2025 में विशिष्ट लेखक सम्मान से नवाज़ा जाएगा। इस समारोह में विभिन्न देशों के लेखक, कवि, साहित्यकार और साहित्य प्रेमी शामिल होंगे।
लेखक विकास कुमार भगत अब तक कुल तेरह पुस्तकें लिख चुके हैं, जिनमें से सभी पुस्तकें इंटरनेशनल स्टैंडर्ड बुक नंबर (ISBN) के साथ प्रकाशित हुई हैं। हाल ही में 2 अक्टूबर को उनकी पांच नई पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। इनमें Distinguished Indian Personalities जो देश के महान व्यक्तित्वों पर आधारित है, अविस्मरणीय यादें जो उनकी अंग्रेजी पुस्तक Unforgettable Memories का हिंदी अनुवाद है, तथा A Volume of Untold Stories जिसमें 51 लघु कहानियाँ शामिल हैं, प्रमुख हैं। ये सभी पुस्तकें एस.पी.आई. पब्लिकेशन गुड़गांव और राइटर्स नेस्ट पब्लिकेशन हरियाणा से प्रकाशित हुई हैं तथा अमेज़न और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हैं।
इससे पूर्व उनकी अन्य उल्लेखनीय रचनाओं में A Glimpse of Poetry, Modern English Poetry, Humanity, Elegant English Grammar, An Ocean of Poetries और विचारों की अभिव्यक्ति शामिल हैं। इन पुस्तकों के माध्यम से उन्होंने समाज में शिक्षा, मानवता, परोपकार, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम के संदेश को प्रसारित किया है।
उनकी पुस्तक Unforgettable Memories एक गैर-काल्पनिक आत्मकथात्मक उपन्यास है, जिसमें जीवन के अविस्मरणीय पलों, संघर्षों और कोविड लॉकडाउन के दौरान मजदूरों की सहायता से जुड़ी प्रेरक घटनाओं का वर्णन किया गया है। इस पुस्तक को न केवल भारत में बल्कि नाइजीरिया और बुरुंडी जैसे देशों में भी सराहना मिली है।
विकास कुमार भगत की यह उपलब्धि झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उनके सम्मान से राज्य के साहित्य जगत में एक नई पहचान और प्रेरणा का संचार हुआ

