Advertisements
Spread the love

नाई समाज को लेकर आपत्तिजनक भोजपुरी वीडियो पर उठी आपत्ति, साइबर थाने में शिकायत

Arjun Kumar…..✍️

रांची । नाई समाज विकास समिति , रांची की केंद्रीय कमिटी ने सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन माध्यमों पर प्रसारित हो रहे एक भोजपुरी गीत/वीडियो को लेकर साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। समिति ने आरोप लगाया है कि वीडियो में नाई समाज और उसके पारंपरिक व्यवसाय सैलून को आपत्तिजनक, अश्लील और अपमानजनक संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है। समिति ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समिति के मुताबिक “बाप चलावे सैलून, बेटी दिखावे बैलून” शीर्षक से एक भोजपुरी गीत/वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित हो रहा है। समिति का कहना है कि इस सामग्री के माध्यम से नाई समाज और उसके पारंपरिक व्यवसाय की छवि को आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है, जिससे समाज के लोगों में नाराजगी है और उनकी भावनाएं आहत हुई हैं । शिकायत में समिति ने साइबर थाना से वीडियो के मूल स्रोत और निर्माण से जुड़े लोगों की पहचान करने की मांग की है। इसके अलावा गायक, गीतकार, संगीतकार, निर्माता, अपलोड करने वाले व्यक्ति तथा संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट या पेज की भी जांच करने का आग्रह किया गया है।
समिति ने यह भी मांग की है कि संबंधित आपत्तिजनक सामग्री को कानूनी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन माध्यमों से हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही वीडियो को आगे साझा करने वाले अकाउंट और व्यक्तियों की पहचान कर उनकी भूमिका की जांच की जाए। शिकायत में उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है, ताकि जांच के दौरान साक्ष्यों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न हो। समिति ने कहा है कि जांच में यदि किसी तरह के अपराध की पुष्टि होती है तो भारतीय न्याय संहिता, 2023, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 सहित अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
नाई समाज विकास समिति ने कहा कि समाज के लोग लंबे समय से अपने पारंपरिक व्यवसाय के माध्यम से लोगों को सेवाएं प्रदान करते आ रहे हैं। ऐसे में किसी समुदाय अथवा उसके पारंपरिक व्यवसाय को अश्लील या अपमानजनक रूप में प्रस्तुत किए जाने को समिति ने सामाजिक सम्मान और गरिमा से जुड़ा विषय बताया है । समिति ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराने की मांग की है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसी सामग्री के प्रसार को रोकने और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है । शिकायत देने वालों में नाई समाज विकास समिति केंद्रीय कमिटी के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रमाणिक, महासचिव दिनेश चन्द्र प्रमाणिक, कोषाध्यक्ष उमाकांत गौतम, संरक्षक शिवशंकर हजाम के अलावा बिरेंद्र प्रसाद, सुनील कुमार प्रमाणिक, बिरेंद्र प्रमाणिक, सुबोध प्रमाणिक, बिमल प्रमाणिक, हराधन प्रमाणिक, अमरेन्द्र गौतम, उमेश चन्द्र प्रमाणिक, गणेश प्रसाद, अजय ठाकुर, नवीन ठाकुर, रजनीकांत प्रमाणिक, सुशील शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

You missed