
रामनवमी भव्य नजारा : गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक पर हैरतअंगेज

करतब,श्रीराम सेना ने चना-शरबत बांटकर पेश की सेवा की मिसाल
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया: रामनवमी के पावन अवसर पर गम्हरिया का लाल बिल्डिंग चौक भक्ति, उत्साह और रोमांच का केंद्र बन गया। एक ओर अखाड़ा खिलाड़ियों के हैरतअंगेज करतबों ने हजारों श्रद्धालुओं को आकर्षित किया, तो वहीं दूसरी ओर सेवा शिविर के माध्यम से समाजसेवा की सुंदर मिसाल भी देखने को मिली।जुलूस के दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों के युवाओं ने मानव पिरामिड बनाकर संतुलन और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही खतरनाक स्टंट ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। लोग इन खास पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।इसी बीच लाल बिल्डिंग चौक पर श्रीराम सेना के अध्यक्ष ओंकार सिंह उर्फ़ सन्नी सिंह के नेतृत्व में लगाए गए सेवा शिविर में श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल कलाकारों के लिए खिचड़ी, खीर, चना और शरबत की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बीच यह सेवा लोगों के लिए काफी राहतभरी साबित हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे सेवा शिविर न केवल धार्मिक आयोजनों को सफल बनाते हैं, बल्कि समाज में सहयोग, समर्पण और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। यह आयोजन आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

