
नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता जरूरी : डालसा


Arjun Kumar…✍️
रांची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची के मार्गदर्शन में रविवार को बुढ़मू प्रखंड में डॉन अभियान के तहत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधानों तथा नशामुक्ति के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डालसा के सचिव राकेश रौशन की उपस्थिति में पीएलवी गणेश कुमार, बंधु उरांव, दीपक मुंडा, सादिक अली सहित अन्य लोगों ने लोगों को जागरूक किया। पीएलवी गणेश कुमार ने एनडीपीएस एक्ट के तहत नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों और उनके लिए निर्धारित कठोर दंड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रांची स्थित रिनपास और सीआईपी में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के लीगल एड क्लिनिक संचालित हैं, जहां नशामुक्ति केंद्रों में पीएलवी जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं। दीपक मुंडा ने कहा कि रिनपास और सीआईपी में नशे की लत से जूझ रहे लोगों के उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है। वहीं बंधु उरांव ने विभिन्न मादक पदार्थों, उनके दुष्प्रभाव तथा उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। सादिक अली ने कहा कि नशा समाज और देश दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इससे बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। उन्होंने 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी भी लोगों को दी। कार्यक्रम के दौरान पीएलवी ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित योजनाओं की भी जानकारी देकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
Related posts:

