
ऑनलाइन सत्संग के साथ 13 दिवसीय साधना शिविर का हुआ समापन
Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा(राँची) । प्रखंड के हेसल पंचायत अंतर्गत हेसल जारा स्थित बाबा उमाकांत जी महाराज आश्रम में आयोजित 13 दिवसीय जोन स्तरीय साधना शिविर का समापन हुआ। ऑनलाइन सत्संग के माध्यम से विश्वविख्यात संत बाबा उमाकांत जी महाराज ने साधना शिविर का समापन कराया। बताया गया कि इसी अवधि में भारत के अलावा कई अन्य देशों में भी साधना शिविर आयोजित किए जा रहे थे। शिविर में प्रतिदिन प्रातः 4 बजे से साधना शुरू होकर रात्रि 10 बजे समाप्त होती थी । शिविर में रांची, जमशेदपुर, खूंटी सहित आसपास के कई जिलों से महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने भाग लिया। कई साधक पूरे 13 दिनों तक आश्रम में रहकर साधना में शामिल हुए, जबकि स्थानीय और आसपास के लोग अपने घरों से आकर भी साधना करते रहे। आश्रम परिसर में साधकों के लिए रहने, भोजन और स्नान सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। आयोजकों के अनुसार, शिविर का उद्देश्य नियमित साधना के प्रति लोगों को प्रेरित करना और आध्यात्मिक अनुशासन के प्रति जागरूक करना था। ऑनलाइन सत्संग के दौरान बाबा उमाकांत जी महाराज ने कहा कि मनुष्य के शरीर और जीवन का कोई भरोसा नहीं है। ऐसे समय में साधना करना अच्छे संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार इस प्रकार की साधना पहले भी की जाती थी, लेकिन समय के साथ यह परंपरा कम होती दिखाई दे रही है। उन्होंने भारत की आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी धरती पर बुद्ध, परशुराम, राम और कृष्ण जैसी अवतारी शक्तियों का प्राकट्य हुआ। उन्होंने साधना और संतमत से जुड़े विचार रखते हुए कहा कि संत के अपनाए जीव नर्क नहीं जाते। सत्संग में उन्होंने साधना को जीवन में आत्मिक अनुशासन और अच्छे संस्कारों से जोड़ते हुए साधकों को नियमित साधना के लिए प्रेरित किया। शिविर का नेतृत्व पंकज बेदिया और नितेश प्रजापति ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रामनारायण महतो, अमर बेदिया, जीतू महली सहित जमशेदपुर से आए अवधेश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर के समापन के अवसर पर साधकों ने आगे भी नियमित साधना और सत्संग से जुड़े रहने का संकल्प लिया।
