
एमएसीटी पर जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Arjun Kumar…✍️
रांची । झालसा के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित 40 कोर्ट्स भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में मोटर वाहन दुर्घटना एवं बीमा क्लेम से संबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1, रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही, एमएसीटी के पी.ओ. निशांत कुमार, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, डिप्टी एसपी मुख्यालय अमर कुमार पांडेय, डिप्टी एसपी ट्रैफिक प्रमोद कुमार केशरी, रिम्स के ट्रॉमा सेंटर के एचओडी प्रदीप कुमार भट्टाचार्य सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, एलएडीसी सदस्य, पीएलवी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।
न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में पीड़ित परिवारों को समय पर उचित मार्गदर्शन नहीं मिल पाने के कारण मुआवजा मिलने में विलंब होता है। इस कार्यशाला का उद्देश्य सभी संबंधित पक्षों को जागरूक एवं संवेदनशील बनाना है। रांची जिला बार एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार विद्रोही ने कहा कि सड़क दुर्घटना केवल एक घटना नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करने वाली त्रासदी है। उन्होंने कहा कि मोटर वाहन दुर्घटना दावा दया नहीं, बल्कि पीड़ितों का अधिकार है। साथ ही उन्होंने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 164 एवं 166 पर विस्तार से जानकारी दी । रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों की संख्या चिंताजनक है। उन्होंने एमएसीटी से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं के पालन की आवश्यकता बताई।
एमएसीटी के पी.ओ. निशांत कुमार ने न्यायालय की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दुर्घटना के 48 घंटे के भीतर प्रथम दुर्घटना रिपोर्ट (FAR) प्रस्तुत करना अनिवार्य है। साथ ही 90 दिनों के भीतर विस्तृत दुर्घटना रिपोर्ट (DAR) जमा करने का प्रावधान है, जिससे मामलों का शीघ्र निष्पादन संभव हो सके।
डीएसपी अमर कुमार पांडेय एवं डीएसपी ट्रैफिक प्रमोद कुमार केशरी ने दुर्घटना मामलों की जांच प्रक्रिया पर जानकारी दी। अधिवक्ता अरविंद लाल ने एमएसीटी मामलों के न्यायालयीन संचालन की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम का संचालन एलएडीसी सदस्य स्वीकृति विनाया ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रौशन ने किया।
Related posts:

