
पहली ही बैठक में एक्शन मोड में सरायकेला नगर पंचायत, पानी-बिजली समेत विकास योजनाओं पर बनी ठोस रणनीति

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला: नगर निकाय चुनाव के बाद सोमवार को सरायकेला नगर पंचायत की पहली बैठक नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण और सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। बैठक में सभी निर्वाचित पार्षदों की उपस्थिति रही, जहां नगर के समग्र विकास को लेकर गंभीर और विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक का मुख्य फोकस शहर के विकास का ठोस खाका तैयार कर उसे धरातल पर उतारने पर रहा। इस दौरान पेयजल और बिजली की समस्या को नगर की सबसे बड़ी चुनौती मानते हुए इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगरवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पानी और बिजली की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा, ताकि जल्द राहत सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से टाउन हॉल, सामुदायिक भवन और विवाह भवन के किराये में कटौती के प्रस्ताव पर सहमति बनी। इसके अलावा नगर पंचायत के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक मशीनों की खरीद को भी मंजूरी देने की दिशा में पहल की गई।
शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्ती से रोक लगाने का निर्णय लिया गया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों के चयन पर भी चर्चा हुई। लक्ष्य तय किया गया कि अगले तीन महीनों में कम से कम 100 लाभुकों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि नगर पंचायत कर्मियों को अनावश्यक रूप से चुनावी कार्यों में नहीं लगाया जाए, ताकि वे अपने मूल कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सकें। इसके साथ ही शाम के समय नगर क्षेत्र से बाहर जाने के लिए बस सेवा की कमी को देखते हुए इस दिशा में पहल करने पर सहमति बनी।
अध्यक्ष ने कहा कि सभी पार्षदों ने एकजुट होकर नगर को आदर्श शहर बनाने की प्रतिबद्धता दिखाई है, जो आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।

