
मारवाड़ी युवा मंच द्वारा लगाए गए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल 105 यूनिट रक्त का
हुआ संग्रह…
सरायकेला। मृत्यु उपरांत संपूर्ण अंग दान करने वाली स्वर्गीय स्नेहलता चौधरी की स्मृति में मारवाड़ी युवा मंच सरायकेला शाखा द्वारा सदर अस्पताल सरायकेला में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 105 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया। शिविर का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सरायकेला अनुमंडलाधिकारी राम कृष्ण कुमार एवं विशिष्ट अतिथि सरायकेला प्रखंड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, सरायकेला नगर पंचायत उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, चेंबर ऑफ कॉमर्स सरायकेला के अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, उपाध्यक्ष प्रेम अग्रवाल, चेंबर ऑफ कॉमर्स चाईबासा के अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्षा रेखा सेक्सरिया द्वारा किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि सरायकेला एसडीओ रामकृष्ण कुमार ने स्वर्गीय स्नेह लता चौधरी के अंगदान को याद करते हुए मारवाड़ी युवा मंच द्वारा किए जा रहे नेक कार्य की सराहना की। शिविर में एकत्रित किए गए कुल 105 यूनिट रक्त में से दोपहिया वाहनों के डीलर श्रीराम होंडा की ओर से 40 यूनिट रक्तदान का योगदान दिया गया। शिविर में 30 लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का संचालन मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल सहित समस्त पद धारियों ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने लोगों को रक्तदान के महत्व और रक्तदान शिविर के उद्देश्य की जानकारी देते हुए स्वेच्छा से रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्रीराम होंडा के प्रोपराइटर आशीष अग्रवाल सहित सुमित चौधरी, आनंद अग्रवाल, हनी चौधरी एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे। शिविर में सरायकेला ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन शिव कुमार सिंह, लैब टेक्नीशियन अरधेन्दु कुमार सिंह, एएनएम चिंता कुमारी सहित अन्य कर्मियों द्वारा सुरक्षित तरीके से ब्लड का कलेक्शन किया गया।


